सैफई (इटावा) : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई की उपलब्धियों में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ फार्मेसी के संकायाध्यक्ष डॉ. कमला पाठक और डॉ. अंकुर वैद्य को स्थान मिला है। विश्व स्तर पर मिली इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने दोनों संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय बल्कि देश और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोध में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना, विश्वविद्यालय की गुणवत्ता और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय हर वर्ष वैज्ञानिकों के शोध-प्रकाशनों, उनकी गुणवत्ता और उनके साइटेशन (Citation) की संख्या के आधार पर यह सूची जारी करता है। इसके लिए विश्व के सबसे बड़े वैज्ञानिक डेटाबेस स्कोपस (Elsevier) का उपयोग किया जाता है। वैज्ञानिकों को 22 प्रमुख क्षेत्रों और 174 उप-क्षेत्रों में वर्गीकृत कर मूल्यांकन किया जाता है। इस बार जारी सूची में विश्वभर के लगभग 1,95,000 वैज्ञानिकों को शामिल किया गया है, जो कुल वैज्ञानिकों का लगभग दो प्रतिशत हैं। इनमें उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के दोनों शिक्षकों का नाम आना संस्थान और प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।
