सैफई : उत्तर प्रदेश पुलिस के झांसी जिले में तैनात एक दरोगा का शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में इलाज के दौरान निधन हो गया। प्रयागराज महाकुंभ में ड्यूटी से लौटने के बाद तबीयत बिगड़ने पर वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इलाज के लिए कानपुर और मुंबई तक भटकने के बाद भी सुधार न होने पर स्वजनों ने उन्हें सैफई विश्वविद्यालय में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

शुक्रवार सुबह मौत की खबर गांव पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। घर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार जुट गए। हर किसी की आंखें नम थीं। दोपहर तक पुलिस की गार्द टीम भी गांव पहुंची।

गमगीन माहौल में पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटा गया। इसके बाद पुलिस जवानों ने शोक सलामी देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

मृतक सैफई थाना क्षेत्र क्र गांव काशीपुर निवासी 59 वर्षीय नरबीर सिंह पुत्र साधो सिंह वह झांसी के चिरगांव थाने में दरोगा पद पर तैनात थे। स्वजनों में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। बड़ा पुत्र अनिल कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल है, जबकि छोटा पुत्र अवनीश खेती-बाड़ी देखता है। अंतिम संस्कार के दौरान सीओ सैफई रामगोपाल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी और चौकी इंचार्ज राजकुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
