सैफई: ग्राम विष्णुपुर में एक बोलेरो गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाने मे तहरीर दी गई है। घटना 14 मार्च की रात की बताई गई है।
ग्राम विष्णुपुर निवासी प्रमोद कुमार बताया कि उनकी बोलेरो गाड़ी घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी थी। उनके अनुसार पत्नी से कहासुनी होने के बाद वह नाराज होकर गाड़ी में सोने चले गए थे।
प्रमोद कुमार के अनुसार रात करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी उन्हें खोजते हुए वहां पहुंची और वापस घर ले आईं। आरोप है कि इसके बाद रात करीब 12 बजे के आसपास कुछ लोग उन्हें गाड़ी में सोता समझकर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास कर गए। हालांकि उस समय वह गाड़ी में मौजूद नहीं थे, जिससे वह सुरक्षित बच गए।
बताया गया कि आसपास के लोगों ने गाड़ी में आग लगी देखी तो मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। मौके से पेट्रोल से जुड़ी सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है।
युवक ने अपनी तहरीर में गांव के ही छह लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। साथ ही पूर्व में हुए विवाद के चलते रंजिशन घटना किए जाने की बात कही है।
थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
