सैफई : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में नव नियुक्त कुल सचिव दीपक वर्मा से यूपीयूएमएस एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष रखा। पदभार ग्रहण करने के बाद यह संगठन की पहली औपचारिक मुलाकात रही, जिसमें कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा हुई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान न होने से न केवल कर्मचारियों में असंतोष है बल्कि कार्य व्यवस्था भी प्रभावित होती है। संगठन ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं, सेवा संबंधी विषयों और दैनिक कार्यों से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी कुल सचिव को दी।
कुल सचिव दीपक वर्मा ने संगठन की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि विश्वविद्यालय का संचालन कर्मचारियों के सहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों से जुड़े मामलों का परीक्षण नियमों के अनुरूप किया जाएगा और जिन समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर संभव होगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।
एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि संगठन की ओर से कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए कुल सचिव के कार्यकाल में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनेगा तथा लंबित मामलों के समाधान की दिशा में ठोस पहल होगी।
मुलाकात के दौरान महामंत्री राजीव कुमार, उपाध्यक्ष अमित शुक्ला, अनुप दीक्षित, संजय सिन्हा, राजेश यादव, मंत्री प्रसाद वर्मा, अमित सिंह, गौरव श्रीवास्तव, प्रह्लाद शुक्ला, राजेश कुमार, सुदीप भदौरिया, सुनहरी लाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
