सैफई : खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय (बीआरसी) सैफई में सोमवार को हुए औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों का रखरखाव, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और विभागीय कार्यों की प्रगति को परखा गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया और मौजूद कर्मचारियों की संख्या का मिलान कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय में समय से उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान बीआरसी केंद्र पर संचालित विभिन्न शैक्षिक और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा भी की गई। बच्चों को निशुल्क वितरित की जाने वाली पाठ्य पुस्तकों के भंडारण और रखरखाव की व्यवस्था को देखा गया। अधिकारियों ने पुस्तकों की उपलब्धता और उनके वितरण की स्थिति के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि जरूरतमंद विद्यार्थियों तक किताबें समय से पहुंचाई जाएं।
बीआरसी केंद्र पर बच्चों के आधार कार्ड बनाने और संशोधन से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों से पूछा कि प्रतिदिन कितने बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं और कितने आधार कार्ड में संशोधन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही यह भी जानकारी ली कि इस कार्य के लिए कौन-सी टीम तैनात है और कामकाज में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या तो नहीं आ रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों के बच्चों के आधार कार्ड से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को शैक्षिक योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था की स्थिति भी देखी गई।
इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी नवाब सिंह वर्मा मौजूद रहे। उन्होंने बीआरसी केंद्र पर संचालित विभिन्न विभागीय गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप शैक्षिक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है।
फोटो- बीआरसी केंद्र सैफई पर उपस्थिति रजिस्टर चैक करते हुए डॉ राजेश कुमार,साथ में खंड शिक्षा अधिकारी नवाब सिंह वर्मा
