सैफई : पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र, सैफई में सोमवार को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैफई तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों और स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह द्वारा किया गया। कुलपति ने कहा कि ग्रामीण और कृषक समाज देश की रीढ़ है। उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा और जागरूकता समाज निर्माण की मूल शर्त है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज की नींव हैं, इसलिए चिकित्सा संस्थानों की यह जिम्मेदारी है कि वे ग्रामीण अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाएं एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाएं।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम तथा जैविक खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। कुलपति ने कहा कि यह पहल ग्रामीण विकास और समग्र स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में आगे बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं आपातकालीन विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार मिश्रा ने कहा कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय और पंजाब नेशनल बैंक के संयुक्त तत्वावधान में ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंच सके।

कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र के जनरल मैनेजर (कृषक प्रशिक्षण केंद्र) उदय कुमार महापात्र एवं निदेशक विपिन कुमार यादव ने सहभागिता करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बैंक न केवल आर्थिक सशक्तिकरण बल्कि सामाजिक एवं स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है। इस अवसर पर असिस्टेंट नर्सिंग सुपरीटेंडेंट वीना, रवी शर्मा,पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी, विश्वविद्यालय के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
