सैफई : पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान दिवस के रूप में मंगलवार को मनाई गई। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज हैवरा परिसर में समाजवादी पार्टी के बदायूं सांसद आदित्य यादव ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कॉलेज परिसर में स्थापित नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।

इस मौके पर सांसद आदित्य यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह और नेताजी मुलायम सिंह यादव दोनों ही किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसान और गांव की लड़ाई को समर्पित कर दिया। चौधरी चरण सिंह ने किसान को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना, जबकि नेताजी ने उत्तर प्रदेश में किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए।
सांसद ने कहा कि आज किसान दिवस के मौके पर भी किसान खाद, बीज और डीजल की बढ़ती कीमतों के साथ फसलों का उचित मूल्य न मिलने की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार किसानों की आवाज को गंभीरता से सुनने के बजाय उसे दबाने का काम कर रही है। समाजवादी पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ती रहेगी।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में भव्य किसान सम्मेलन का आयोजन कराया जाता रहा है। हालांकि इस वर्ष प्रदेश सरकार द्वारा सदन संचालित किए जाने के कारण शिवपाल सिंह यादव की विधानसभा में व्यस्तता रही, जिसके चलते किसान सम्मेलन स्थगित किया गया। इसी कारण इस बार कार्यक्रम को सीमित रखते हुए केवल माल्यार्पण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपप्राचार्य डॉ. फतेह बहादुर सिंह यादव, विधायक प्रतिनिधि जसवंतनगर सोनू यादव, जिला पंचायत सदस्य डॉ. अरविंद यादव, पूर्व प्रधान महावीर सिंह यादव (कथुआ), प्रधान राधा कृष्ण यादव, राजपाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
